जीने का आनंद


टिक..टिक..टिक.. घड़ी फिर से चलनी शुरू हो गयी है। वह अपने में तो चलती ही थी, मेरे लिये बंद हो गई थी या ठीक हो कि कहूं कि मैं ही वहां के प्रति बंद हो गया था, जहां कि उसका चलना है।
एक दूसरे समय में चला गया था। आंखें बंद किये बैठा था और भीतर देखता था, देखता रहा-काल का एक और ही क्रम था। ओर फिर काल-क्रम टूट गया था।
समय के बाहर खिसक जाने में कैसा आनंद आता है! चित्त पर चित्र बंद हो जाते हैं। उनका होना ही काल है। वह मिटे कि काल मिटा और फिर शुद्ध वर्तमान ही रह जाता है। वर्तमान कहने को समय का अंग है। वस्तुत: वह काल-क्रम के बाहर है, अतीत है। उसमें होना 'स्व' में होना है। उस जगत से अब लौटा हूं। सब कितना शांत है। दूर किसी पक्षी का गीत चल रहा है, पड़ोस में कोई बच्चा रोता है और एक मुर्गा बोल रहा है।
ओह, जीना कितना आनंदप्रद है। क्योंकि जीवन उसमें भी समाप्त नहीं होता है। वह जीवन की एक स्थिति है। जीवन उसके पूर्व भी है और उसके पश्चात भी है।
(सौजन्य से : ओशो इंटरनेशनल फाउंडेशन)

विकारों का त्याग

मैं एक प्रवचन पढ़ रहा हूं। किन्हीं साधु का है। क्रोध छोड़ने को, वासनाएं छोड़ने को कहा है। जैसे ये सब बातें छोड़ने की हों! किसी ने चाहा और छोड़ दिया! पढ़-सुन कर ऐसा ही प्रतीत होता है। इन उपदेशों को सुनकर ज्ञात होता है कि अज्ञान कितना घना है। मनुष्य के मन के संबंध में हम कितना कम जानते हैं।
एक बच्चे से एक दिन मैंने कहा कि तुम अपनी बीमारी को छोड़ क्यों नहीं देते हो? वह बीमार बच्चा हंसने लगा और बोला कि क्या बीमारी छोड़ना मेरे हाथ में है।
प्रत्येक व्यक्ति बीमारी और विकार को छोड़ना चाहता है, पर विकार की जड़ों तक जाना आवश्यक है; वे जिस अचेतन के गर्त से आते हैं, वहां तक जाना आवश्यक है- केवल चेतन-मन के संकल्प से उनसे मुक्ति नहीं पायी जा सकती है।
एक कहानी फ्रॉयड ने कही है- एक ग्रामीण शहर के किसी होटल में ठहरा था। रात्रि उसने अपने कमरे में प्रकाश को बुझाने की बहुत कोशिश की पर असफल ही रहा। उसने प्रकाश को फूंक कर बुझाना चाहा, बहुत भांति फूंका, पर प्रकाश था कि अकंपित जलता ही गया। उसने सुबह इसकी शिकायत की। शिकायत के उत्तर में उसे ज्ञात हुआ कि वह प्रकाश दिये का नहीं था, जो फूंकने से बुझ जाता- वह प्रकाश तो विद्युत का था।
और मैं कहता हूं कि मनुष्य के विकारों को भी फूंककर बुझाने की विधि गलत है। वे मिट्टी के दिये नहीं हैं; विद्युत के दिये हैं। उन्हें बुझाने की विधि अचेतन में छिपी है। चेतन के सब संकल्प फूंकने की भांति व्यर्थ हैं। केवल अचेतन में योग्य माध्यम से उतरकर ही उनकी जड़े तोड़ी जा सकती हैं।
(सौजन्य से : ओशो इंटरनेशनल फाउंडेशन)

मैं कौन हूं?


एक मंदिर में बोलने गया था। बोलने के बाद एक युवक ने कहा, 'क्या मैं एक प्रश्न पूछ सकता हूं? यह प्रश्न मैं बहुतों से पूछ चुका हूं; पर जो उत्तर मिले, उनसे तृप्ति नहीं होती है। समस्त दर्शन कहते हैं : अपने को जानों। मैं भी अपने को जानना चाहता हूं। यही मेरा प्रश्न है। 'मैं कौन हूं?,' इसका उत्तर चाहता हूं।'
मैंने कहा, 'अभी आपने प्रश्न पूछा ही नहीं है, तो उत्तर कैसे पाते? प्रश्न पूछना उतना आसान नहीं है।'
उस युवक ने एक क्षण हैरानी से मुझे देखा। प्रकट था कि मेरी बात का अर्थ उसे नहीं दिखा था। वह बोला, 'यह आप क्या कहते हैं? मैंने प्रश्न ही नहीं पूछा है।'
मैंने कहा, 'रात्रि आ जायें।' वह रात्रि में आया भी। सोचा होगा, मैं कोई उत्तर दूंगा। उत्तर मैंने दिया भी, पर जो उत्तर दिया वह उसने नहीं सोचा था।
वह आया। बैठते ही मैंने प्रकाश बुझा दिया। वह बोला, 'यह क्या कर रहे हैं? क्या उत्तर आप अंधेरे में देते हैं?'
मैंने कहा, 'उत्तर नहीं देता, केवल प्रश्न पूछना सिखाता हूं। आत्मिक जीवन और सत्य के संबंध में कोई उत्तर बाहर नहीं है। ज्ञान बाह्य तथ्य नहीं है। वह सूचना नहीं है, अत: उसे आप में डाला नहीं जा सकता है। जैसे कुएं से पानी निकालते हैं, ऐसे ही उसे भी भीतर से ही निकालना होता है। वह नित्य। उसकी सतत् उपस्थिति है, केवल घड़ा उस तक पहुंचाना है। इस प्रक्रिया में एक ही बात स्मरणीय है कि घड़ा खाली हो। घड़ा खाली हो, तो भरकर लौट आता है और प्राप्ति हो जाती है।'
अंधेरे में थोड़ा- सा समय चुपचाप सरका। वह बोला,'अब मैं क्या करूं?' मैंने कहा, 'घड़ा खाली कर लें, शांत हो जाएं और पूछें : 'मैं कौन हूं?' एक बार, दो बार, तीन बार पूछें। समग्र शक्ति से पूछें : 'मैं कौन हूं?'ं प्रश्न पूरे व्यक्तित्व में गूंज उठे और तब शांत हो जाएं और मौन, विचार शून्य प्रतीक्षा करें। प्रश्न और फिर खामोशी, शून्य प्रतीक्षा। यही विधि है।'
वह थोड़ी देर बाद बोला, 'लेकिन मैं चुप नहीं हो पा रहा हूं। प्रश्न तो पूछ लिया पर शून्य प्रतीक्षा असंभव है और अब मैं देख पा रहा हूं कि मैंने वस्तुत: आज तक प्रश्न पूछा ही नहीं था।'
(सौजन्य से : ओशो इंटरनेशनल फाउंडेशन)

सत्य का स्वरूप

सत्य पर चर्चा चल रही थी कि मैं भी आ गया हूं। सुनता हूं। जो बात कह रहे हैं, वे अध्ययनशील हैं। विभिन्न दर्शनों से परिचित हैं। कितने मत हैं और कितने विचार हैं, सब उन्हें ज्ञात मालूम होते हैं। बुद्धि उनकी भरी हुई है- सत्य से तो नहीं, सत्य के संबंध में औरों ने जो कहा है, उससे। जैसे औरों ने जो कहा है, उस आधार से भी सत्य जाना जा सकता है! सत्य जैसे कोई मत है- विचार है और कोई बौद्धिक तार्किक निष्कर्ष है! विवाद उनका गहरा होता जा रहा है और अब कोई भी किसी की सुनने की स्थिति में नहीं है। प्रत्येक बोल रहा है, पर कोई भी सुन नहीं रहा है।
मैं चुप हूं। फिर किसी को मेरा स्मरण आता है और वे मेरा मत जानना चाहते हैं। मेरा तो कोई मत नहीं है। मुझे तो दिखता है कि जहां तक मत है, वहां तक सत्य नहीं है। विचार की जहां सीमा समाप्ति है, सत्य का वहां प्रारंभ है।
मैं क्या हूं! वे सभी सुनने को उत्सुक हैं। एक कहानी कहता हूं- एक साधु था, बोधिधर्म। वह ईसा की छठी सदी में चीन गया था। कुछ वर्ष वहां रहा, फिर घर लौटना चाहा और अपने शिष्यों को इकट्ठा किया। वह जानना चाहता था कि सत्य में उनकी कितनी गति हुई है।
उसके उत्तर में एक ने कहा, 'मेरे मत से सत्य स्वीकार-अस्वीकार के अतीत है- न कहा जा सकता है कि है, न कहा जा सकता है कि नहीं है, क्योंकि ऐसा ही उसका स्वरूप है।'
बोधिधर्म बोला, 'तेरे पास मेरी चमड़ी है।'
दूसरे ने कहा, 'मेरी दृष्टिं में सत्य अंतदर्ृष्टिं है। उसे एक बार पा लिया, फिर खोना नहीं है।'
बोधिधर्म बोला, 'तेरे पास मेरा मांस है।'
तीसरे ने कहा, 'मैं मानता हूं कि पंच महाभूत शून्य हैं और पंच स्कंध भी अवास्तविक हैं। यह शून्यता ही सत्य है।'
बोधिधर्म ने कहा, 'तेरे पास मेरी हड्डियां हैं।'
और अंतत: वह उठा जो जानता था। उसने गुरु के चरणों में सिर रख दिया और मौन रहा। वह चुप था और उसकी आंखें शून्य थी।
बोधिधर्म ने कहा, 'तेरे पास मेरी मज्जा है, मेरी आत्मा है।'
और यही कहानी मेरा उत्तर है।
(सौजन्य से : ओशो इंटरनेशनल फाउंडेशन)

स्वयं से प्रेम करो


एक प्रवचन कल सुना है। उसका सार था- आत्म-दमन। प्रचलित रूढि़ यही है। सोचा जाता है कि सबसे प्रेम करना है, पर अपने से घृणा करनी है। स्वयं अपने से शत्रुता करनी है, तब कहीं आत्म-जय होती है। पर यह विचार जितना प्रचलित है, उतना ही गलत भी है। इस मार्ग से व्यक्तित्व द्वैत से टूट जाता है और आत्म-हिंसा की शुरुआत हो जाती है। और हिंसा सब कुरूप कर देती है।
मनुष्य को वासनाएं इस तरह से दमन नहीं करनी हैं, न की जा सकती हैं। यह हिंसा का मार्ग धर्म-मार्ग नहीं है। इसके परिणाम में ही शरीर को सताने के कितने विकसित रूप हो गये हैं। उनमें दिखती है तपश्चर्या, पर वस्तुत: हिंसा का रस, दमन और प्रतिरोध का सुख- यह तप नहीं है, आत्मवंचना है।
मनुष्य को अपने से लड़ना नहीं, अपने को जानना है। पर जानना, अपने को प्रेम करने से शुरू होता है। अपने को सम्यक रूपेण प्रेम करना है। न तो वासनाओं के पीछे अंधा हो कर दौड़ने वाला अपने से प्रेम करता है और न वासनाओं से अंधा हो कर लड़ने वाला अपने से प्रेम करता है। वे दोनों अंधे हैं और पहले अंधेपन की प्रतिक्रिया में दूसरे अंधेपन का जन्म हो जाता है। एक वासनाओं में अपने को नष्ट करता है, एक उनसे लड़कर अपने को नष्ट कर लेता है। वे दोनों अपने प्रति घृणा से भरे हैं। ज्ञान का प्रारंभ अपने को प्रेम करने से होता है।
मैं जो भी हूं, उसे स्वीकार करना है, उसे प्रेम करना है। और इस स्वीकृति और इस प्रेम में ही वह प्रकाश उपलब्ध होता है, जिससे सहज सब-कुछ परिवर्तित हो जाता है- एक संगीत का और एक शांति का और एक आनंद का- जिनके समग्रीभूत प्रभाव का नाम आध्यात्मिक जीवन है।
(सौजन्य से : ओशो इंटरनेशनल फाउंडेशन)

सम्यक दर्शन


मनुष्य जिसे जगत कहता है, वह सत्ता की सीमा नहीं है। वह केवल मनुष्य की इंद्रियों की सीमा है। इन इंद्रियों के पार असीम विस्तार है। इस असीम को इंद्रियों से कभी भी पूरा-पूरा नहीं पाया जा सकता है। क्योंकि इंद्रियां खण्ड को देखती हैं, अंश को देखती हैं और जो असीम है, अनंत है, वह खण्डित और विभाजित नहीं होता है। जो असीम है, उसे मापने के लिए कोई सीमित साधन काम नहीं दे सकता है।
जो असीम है, वह केवल असीम से ही पकड़ा जा सकता है। और जिन्होंने उसे जाना है, उन्होंने इंद्रियों से, बुद्धि से नहीं- स्वयं असीम होकर उसे जाना है। यह संभव है, क्योंकि इस क्षुद्र और सीमित दिखते मनुष्य में असीम भी उपस्थिति है। इंद्रियों पर उसकी परिसमाप्ति नहीं है। वह इंद्रियों में है, पर इंद्रियां ही नहीं हैं। वह इंद्रियातीत आयाम में फैला हुआ है। वह जितना दिखता है, वहां उसकी समाप्ति-सीमा नहीं, शुरुआत है। वह अदृश्य है। दृश्य के घेरे में अदृश्य बैठा हुआ है। इस अदृश्य को वह अपने भीतर पा ले, तो जगत के समस्त अदृश्यों को पा लेता है।
क्योंकि समस्त भाग और खण्ड दृश्य के हैं। अदृश्य अखंडित है। एक और अनेक वहां एक ही हैं और इसलिए एक को पा लेने से सबको पा लिया जाता है।
कहा है महावीर ने, 'जे एगम जाणई से सव्वम जाणई' एक को जाना कि सब को जाना। वह एक भीतर है। यह दृश्य नहीं दृष्टा है। इससे पाने का मार्ग आंख नहीं है। आंख बंद करना इसका मार्ग है। आंख बंद करने का अर्थ है, दृश्य से मुक्ति। आंख बंद हों और भीतर दृश्य बहते हों, तो आंख खुली ही है। दृश्य दृष्टि में न हो और आंख खुली हो, तो भी आंख बंद है। दृश्य न हो और केवल दृष्टिं, केवल दर्शन रह जाये तो द्रष्टा प्रकट हो जाता है।
जिस दर्शन में द्रष्टा दिखे, वह सम्यक दर्शन है। यह दर्शन जब तक नहीं, तब तक मनुष्य अंधा होता है। आंखें होते हुए भी आंख नहीं होती हैं। इस दर्शन से चक्षु मिलते हैं- वास्तविक चक्षु, इंद्रियातीत चक्षु। सीमाएं मिट जाती हैं, रेखाएं मिट जाती हैं ओर जो है- आदि-अंतहीन विस्तार, ब्रह्मं- वह उपलब्ध होता है।
यह उपलब्धि ही मुक्ति है। क्योंकि प्रत्येक सीमा बंधन है, प्रत्येक सीमा परतंत्रता है। सीमा से ऊपर होना स्वतंत्रता होना है।
(सौजन्य से : ओशो इंटरनेशनल फाउंडेशन)

मोक्ष की प्रवृत्ति नहीं


एक साधु कल कह रहे थे , ''मैं संसार की ओर ले जानेवाली प्रवृत्ति छोड़ चुका हूं, अब तो प्रवृत्ति मोक्ष की ओर है। यही निवृत्ति है। संसार की ओर प्रवृत्ति, मोक्ष के प्रति निवृत्ति है; मोक्ष के प्रति प्रवृत्ति संसार के प्रति निवृत्ति है।''
यह बात दिखने में कितनी ठीक और समझ-भरी मालूम होती है। कहीं चूक दिखाई नहीं देती। बिलकुल बुद्धि और तर्क-युक्त है, पर उतनी ही व्यर्थ भी है। ऐसे ही शब्दों के खेल में कितने ही लोग प्रवंचना में पड़े रहते हैं। बुद्धि और तर्क- आत्मिक जीवन के संबंध में कहीं भी ले जाते मालूम नहीं होते हैं। मैंने उनसे कहा, ''आप शब्दों में उलझ गये हैं। 'संसार की ओर प्रवृत्ति' का कोई अर्थ नहीं है। असल में प्रवृत्ति ही संसार है। वह किस ओर है, इससे कोई अंतर नहीं पड़ता है। बस, उसका होना ही संसार है। वह धन की ओर हो तो, वह धर्म की ओर हो तो- उसका स्वरूप एक ही है।''
प्रवृत्ति मनुष्य को अपने से बाहर ले जाती है। वह वासना है, वह फलासक्ति है, वह कुछ न होने की तृष्णा और दौड़ है। 'अ' 'ब' होना चाहता है! यह उसका रूप है। और जब तक कुछ होने की वासना है, तब तक वह 'जो है', उसका होना नहीं हो पाता है। इस 'है' का उद्घाटन ही मोक्ष है।
'मोक्ष' कोई वस्तु नहीं है, जिसे पाना है। वह वासना का कोई विषय नहीं है। इससे उसकी ओर प्रवृत्ति नहीं हो सकती है। वह तो तब है, जब कोई प्रवृत्ति नहीं होती- मोक्ष की भी नहीं। तब जो होता है, उसका नाम मोक्ष है। इससे मोक्ष को पाना नहीं है, असल में पाना छोड़ना है और मोक्ष पा लिया जाता है।
(सौजन्य से : ओशो इंटरनेशनल फाउंडेशन)