प्रेम-मृत्यु ही जीवन है!


सुबह घूमकर लौटा था। नदी तट पर एक छोटे से झरने से मिलना हुआ। राह के सूखे पत्तों को हटाकर वह झरना नदी की ओर भाग रहा था। उसकी दौड़ देखी और फिर नदी में उसका आनंदपूर्ण मिलन भी देखा। फिर देखा कि नदी भी भाग रही है।
और फिर देखा कि सब कुछ भाग रहा है। सागर से मिलने के लिए, असीम में खोने के लिए। पूर्ण को पाने के लिए समस्त जीवन ही- राह के सूखे-मृत पत्तों को हटाता हुआ-भागा जा रहा है।
बूंद सागर होना चाहती है। यही सूत्र समस्त जीवन का ध्येय-सूत्र है। उसके आधार पर ही सारी गति है और उसकी पूर्णता में ही आनंद है। सीमा दुख है, अपूर्णता दुख है। जीवन सीमा के, अपूर्णता के समस्त अवरोधों के पार उठना चाहता है। उनके कारण उसे मृत्यु झेलनी पड़ती है। उसके अभाव में वह अमृत है। उनके कारण वह खण्ड है, उनके अभाव में वह अखण्ड हो जाता है।
पर मनुष्य अहं की बूंद पर रुक जाता है और वहीं वह जीवन के अनंत प्रवाह में खण्डित हो जाता है। इस भांति वह अपने ही हाथों सूरज को खोकर एक क्षीणकाय दीये की लौ में तृप्ति को खोजने का निरर्थक प्रयास करता है। उसे तृप्ति नहीं मिल सकती है, क्योंकि बूंद, बूंद बनी रहकर कैसे तृप्त हो सकती है? सागर हुए बिना कोई राह नहीं है। सागर ही गंतव्य है। सागर होना ही होगा। बूंद को खोना जरूरी है। अहं को मिटाना जरूरी है। अहं ब्रह्मं बने, तभी संतृप्ति संभव है।
सागर होने की संतृप्ति ही सत्य में प्रतिष्ठित करती है और वह संतृप्ति ही मुक्त करती है। क्योंकि जो संतृप्त नहीं है, वह मुक्त कैसे हो सकती है!
जीसस क्राइस्ट ने कहा है, 'जो जीवन को बचाता है, वह उसे खो देता है और जो उसे खो देता है, वह उसे पा जाता है।'
यही मुझे भी कहने दें। यही प्रेम है। अपने को खो देना ही प्रेम है। प्रेम का मृत्यु को अंगीकार करना ही, प्रभु के जीवन को पाने का उपाय है।
तभी तो मैं कहता हूं, 'बूंदो! सागर की ओर चलो। सागर ही गंतव्य है। प्रेम की मृत्यु को वरण करो, क्योंकि वही जीवन है। जो सागर के पहले ठहर जाता है, वह मर जाता है और जो सागर में पहुंच जाता है, वह मृत्यु के पार पहुंच जाता है।'
( सौजन्य से : ओशो इंटरनेशनल फाउंडेशन)

शून्य होना ही एकमात्र पुरुषार्थ है!

संध्या बीती है, कुछ लोग आये हैं। वे कहते हैं,'आप शून्य सिखाते हैं। पर शून्य के तो विचार से ही भय लगता है। क्या कोई और सहारा व आधार नहीं हो सकता है?'
मैं उनसे कहता हूं कि शून्य में कूदने में अवश्य साहस की जरूरत है। पर जो कूद जाते हैं, वे शून्य को नहीं, पूर्ण को पाते हैं और जो कोई कल्पित सहारा और आधार पकड़ते रहते हैं, वे शून्य में ही अटके रहते हैं। कल्पनाओं के सहारे और आधार भी क्या कोई सहारे और आधार होते हैं!
सत्य का सहारा और आधार केवल शून्य से ही मिलता है। शून्य होने का अर्थ- कल्पनाओं के सहारों और आधारों से ही शून्य होना है।
एक कहानी उनसे कहता हूं - एक अमावस की अंधेरी रात्रि में, पर्वतीय निर्जन से गुजरते अजनबी यात्री ने पाया कि वह किसी खड्ड में गिर गया है। उसके पैर चट्टान से फिसल गये हैं और एक झाड़ी को पकड़ कर लटक गया है। चारों और अंधकार है। नीचे भी भयंकर अंधकार और खड्ड है। घंटों वह उस झाड़ी को पकड़ लटका रहा और इस समय में संभाव्य मृत्यु की बहुत पीड़ा सही। सर्दी की रात्रि थी। फिर क्रमश: उसके हाथ ठंडे और जड़ हो गये। अंतत: उसके हाथों ने जवाब दे दिया। उसे उस भयंकर खड्ड में गिरना ही पड़ा। उसकी कोई चेष्टा सफल नहीं हो सकी और अपनी आंखों से स्वयं को मृत्यु के मुंह में जाते देखा। वह गिरा, पर गिरा नहीं। वहां खड्ड था ही नहीं। गिरते ही उसने पाया कि वह जमीन पर खड़ा है।
ऐसे ही मैंने भी पाया है। शून्य में गिरकर पाया कि शून्य ही भूमि है। चित्त के सब आधार जो छोड़ देता है, वह प्रभु का आधार पा जाता है। शून्य होने का पुरुषार्थ ही एकमात्र पुरुषार्थ है और जो शून्य होने की शक्ति नहीं जुटा पाता है, वे 'शून्य' ही बने रह जाते हैं।
( सौजन्य से : ओशो इंटरनेशनल फाउंडेशन)

प्रार्थना

प्रार्थना क्या है? आत्म-विस्मरण! नहीं, प्रार्थना आत्म-विस्मरण नहीं है। वह जिसमें भूलना, डूबना और खोना है- मादकता का ही एक रूप है। वह प्रार्थना नहीं, पलायन है। शब्द में, संगीत में खोया जा सकता है। ध्वनि सम्मोहन में, नृत्य में 'जो है' उसका विस्मरण हो सकता है। यह विस्मरण और बेहोशी सुखद भी मालूम हो सकती है, पर यह प्रार्थना नहीं है। यह मूच्र्छा है, जब कि प्रार्थना सम्यक चेतना में जागरण का नाम है।
प्रार्थना क्या कोई क्रिया है? क्या कुछ करना प्रार्थना है?
नहीं, प्रार्थना क्रिया नहीं, वरन चेतना की एक स्थिति है। प्रार्थना की नहीं जाती है, प्रार्थना में हुआ जाता है। प्रार्थना मूलत: अक्रिया है। जब सब क्रियाएं शून्य हैं और केवल साक्षी चैतन्य शेष रह गया है, ऐसी स्थिति का नाम प्रार्थना है। प्रार्थना शब्द से 'करने' की ध्वनि निकलती है। ध्यान शब्द से भी 'करने' की ध्वनि निकलती है। पर दोनों शब्द क्रियाओं के लिए नहीं, चेतना की स्थिति के लिए प्रयुक्त हुए हैं।
'शून्य में, मौन में, नि:शब्द में होना प्रार्थना है, ध्यान है।'
एक प्रार्थना सभा में मैंने कल यह कहा है।
किसी ने बाद में मुझ से पूछा,'फिर हम क्या करें?'
मैंने कहा, 'थोड़े समय को कुछ भी न करें। बिलकुल विश्राम में अपने को छोड़ दें। चुपचाप मन को देखते रहें, वह अपने से शांत और शून्य हो जाता है। इसी शून्य में, सत्य का सान्निध्य उपलब्ध होता है। इसी शून्य में वह प्रकट होता है, जो भीतर है और वह भी जो बाहर है। फिर बाहर और भीतर मिट जाते हैं और केवल वही रह जाता है 'जो है'।' इस शुद्ध 'है' की समग्रता का नाम ईश्वर है।
( सौजन्य से : ओशो इंटरनेशनल फाउंडेशन)

अमूर्त के दर्शन करने हैं, तो मूर्त को अग्नि दो

एक सर्द और अंधेरी रात में एक साधु किसी मंदिर में ठहरा था। उसने सर्दी दूर करने को भगवान की एक काष्ठ मूर्ति जला ली। आग जली देख पुजारी जाग गया। वह क्रोध में कुछ बोल भी न सका- वह कृत्य ऐसा ही असोचनीय था। तभी उसने देखा : साधु जली राख के ढेर में कुछ खोज रहा है। उसने पूछा कि क्या कर रहे हो? साधु ने कहा, 'भगवान की देह की अस्थियां खोजता हूं।' अब पुजारी के समक्ष उस साधु का पागलपन पूरी तरह स्पष्ट हो गया था। उसने साधु से कहा, 'पागल! लकड़ी में अस्थियां कहां रखी हैं?' साधु बोला, 'तब एक मूर्ति और लाने की कृपा करो, रात बहुत सर्द है और बहुत लंबी भी।'
मैं इस कथा को सोचता हूं और लगता है वह पागल साधु मैं ही हूं।
मैं चाहता हूं कि हम मूर्तियों से मुक्त हो सकें, ताकि जो अमूर्त है, उसके दर्शन संभव हों। रूप पर जो रुका है, वह अरूप पर नहीं पहुंच पाता है। आकार जिसकी दृष्टिं में है, वह निराकार सागर में कैसे कूदेगा? वह जो दूसरे की पूजा में है, वह अपने पर आ सके, यह कैसे संभव है? मूर्त को अग्नि दो, ताकि अमूर्त ही अनुभूति में शेष रहे और आकार की बदलियों को विसर्जित होने दो, ताकि निराकार आकाश उपलब्ध हो सके। रूप को बहने दो, ताकि नौका अरूप के सागर में पहुंचे। जो सीमा के तट से अपनी नौका छोड़ देता है, वह अवश्य ही असीम को पहुंचता और असीम हो जाता है।
( सौजन्य से : ओशो इंटरनेशनल फाउंडेशन)

जहां विचार नहीं, वहां मन नहीं!

सत्य को पाना है, तो मन को छोड़ दो। मन के न होते ही सत्य आविष्कृत हो जाता है, वैसे ही जैसे किसी ने द्वार खोल दिए हों और सूर्य का प्रकाश भीतर आ गया हो। सत्य के आगमन को मन दीवार की भांति रोके हुए है। मन की इस दीवार की ईट विचारों से बनी है। विचार, विचार और विचार- विचारों की यह श्रंखला ही मन है। रमण ने किसी से कहा था, 'विचारों को रोक दो और फिर मुझे बताओ कि मन कहां है?'
विचार जहां नहीं है, वहां मन नहीं है। ईट न हो, तो दीवार कैसे होगी?
एक साधु रात्रि आये थे। पूछते थे, 'मन के साथ क्या करूं?' मैंने कहा, 'कुछ भी न करो। मन को छोड़ दो और देखो। उसे बिलकुल छोड़ दो और बस देखते रहो। जैसे कोई नदी के किनारे बैठकर जल प्रवाह को देखता है। ऐसे ही विचार प्रवाह को देखो- अलिप्त और असंग। देखते रहो और देखते रहो। उस देखने के आघात से विचार शून्य हो जाते हैं। और मन नहीं पाया जाता है।'
मन के हटते ही उसके रिक्त स्थान में जिसका अनुभव होता है, वही आत्मा है, वही सत्य है; क्योंकि वही सत्ता है।
(सौजन्य से : ओशो इंटरनेशनल फाउंडेशन)

संयम और संगीत ही साधना है

सुबह जा चुकी है। धूप गर्म हो रही है और मन छाया में चलने को है।
एक वृद्ध अध्यापक आये हें। वर्षो से साधना में लगे हैं। तन सूख कर हड्डी हो गया है। आंखें धूमिल हो गयी हैं और गड्ढों में खो गयी हैं। लगता है कि अपनों ने बहुत सताया है और उस आत्मपीड़न को ही साधना समझते हैं।
प्रभु के मार्ग पर चलने को जो उत्सुकता है, उनमें अधिक का जीवन इसी भूल से विषाक्त हो जाता है। प्रभु को पाना, संसार का निषेध रूप ले लेता है और आत्मा की साधना, शरीर को नष्ट करने का। यह नकार दृष्टिं उन्हें नष्ट कर देती है और उन्हें खयाल भी नहीं आ पाता है कि पदार्थ का विरोध परमात्मा के साक्षात का पर्यायवाची नहीं हैं।
सच तो यह है कि देह के उत्पीड़क देहवादी होते हैं और संसार के विरोधी, बहुत सूक्ष्म रूप से संसार से ही ग्रसित होते हैं।
संसार के प्रति भोग-दृष्टिं जितनी बांधती है, विरोधी दृष्टिं उससे कम नहीं, ज्यादा ही बांधती है। संसार और शरीर का विरोध नहीं, अतिक्रमण करना साधना है। वह दिशा न भोग की है और न दमन की है। वह दिशा दोनों से भिन्न है।
वह तीसरी दिशा है। वह दिशा संयम की है। दो बिंदुओं के बीच मध्य बिंदु खोज लेना संयम है। पूर्ण मध्य में जो है, वह अतिक्रमण है। वह कहने को ही मध्य में है, वह कुछ भोग और कुछ दमन नहीं है। वह न भोग है और न दमन है। वह समझौता नहीं, संयम है।
अति असंयम है, मध्य संयम है। अति विनाश है, मध्य जीवन है। जो अति को पकड़ता है, वह नष्ट हो जाता है। भोग और दमन दोनों जीवन को नष्ट कर देते हैं। अति ही अज्ञान है और अंधकार है, मृत्यु है।
मैं संयम और संगीत को साधना कहता हूं।
वीणा के तार जब न ढीले होते हैं और न कसे होते हैं, तब संगीत पैदा होता है। बहुत ढीले तार भी व्यर्थ हैं और बहुत कसे तार भी व्यर्थ हैं। पर तारों की एक ऐसी स्थिति भी होती है, जब वे न कसे कहे जा सकते और न ढीले कहे जा सकते हैं। वह बिंदु ही उनमें संगीत का बिंदु बनता है। जीवन में भी वही बिंदु संयम का है। जो नियम संगीत का है, वह संयम का है। संयम से सत्य मिलता है।
संयम की यह बात उनसे कही है और लगता है कि जैसे उसे उन्होंने सुना है। उनकी आंखें गवाही हैं। जैसे कोई सोकर उठा हो, ऐसा उनकी आंखों में भाव है। वे शांत और स्वस्थ प्रतीत हो रहे हैं। कोई तनाव जैसे शिथिल हो गया है और को ई दर्शन उपलब्ध हुआ है।
मैने जाते समय उनसे कहा, 'सब तनाव छोड़ दें और फिर देखें। भोग छोड़ा है, दमन भी छोड़ दें। छोड़कर- सब छोड़कर देखें। सहज होकर देखें-सहजता ही स्वस्थ करती है, स्वभाव में ले जाती है।'
उन्होंने उत्तर में कहा, 'छोड़ने को अब क्या रहा है? छूट ही गया। मैं शांत और निर्भर हो कर जा रहा हूं। एक दुख स्वप्न जैसे टूट गया है। मैं बहुत उपकृत हूं।' उनकी आंखें बहुत सरल और शांत हो गयी हैं और उनकी मुस्कराहट बहुत भली लग रही है। वे वृद्ध हैं, पर बिलकुल बालक लग रहे हैं।
काश, यह उन सभी को दीख सके जो प्रभु में उत्सुक होते हैं।
(सौजन्य से : ओशो इंटरनेशनल फाउंडेशन)

दीपक की लौ की भांति ही मनुष्य की चेतना है

सांझ से ही आंधी-पानी है। हवाओं के थपेड़ों ने बड़े वृक्षों को हिला डाला है। बिजली बंद हो गई है और नगर में अंधेरा है।
घर में एक दीपक जलाया गया है। उसकी लौ ऊपर की ओर उठ रही है। दीया भूमि का भाग है, पर लौ न मालूम किसे पाने निरंतर ऊपर की ओर भागती रहती है।
इस लौ की भांति ही मनुष्य चेतना भी है।
शरीर भूमि पर तृप्त है, पर मनुष्य में शरीर के अतिरिक्त भी कुछ है, जो निरंतर भूमि से ऊपर उठना चाहता है। यह चेतना ही, यह अग्नि-शिखा ही मनुष्य का प्राण है। यह निरंतर ऊपर उठने की उत्सुकता ही उसकी आत्मा है।
यह लौ है, इसलिए मनुष्य मनुष्य है, अन्यथा सब मिट्टी है।
यह लौ पूरी तरह जले तो जीवन में क्रांति घटित हो जाती है। यह लौ पूरी तरह दिखाई देने लगे तो मिट्टी के बीच ही मिट्टी को पार कर लिया जाता है।
मनुष्य एक दीया है। मिट्टी भी है, उसमें ज्योति भी है। मिट्टी पर ही ध्यान रहा, तो जीवन व्यर्थ हो जाता है। ज्योति पर ध्यान जाना चाहिए। ज्योति पर ध्यान जाते ही सब कुछ परिवर्तित हो जाता है, क्योंकि तब मिट्टी में ही प्रभु के दर्शन हो जाते हैं।
(सौजन्य से : ओशो इंटरनेशनल फाउंडेशन)