मन आनंदोमुखी है


एक साधु कल आये थे। ध्यान की साधना पर उनसे बातें हुई हैं। यह जानकार बहुत आश्चर्य होता है कि मन के स्वरूप के संबंध में कितनी भ्रांत और मिथ्या धारणाएं प्रचलित हैं। उसे शत्रु मानकर साधना प्रारंभ करने से सब साधना गलत हो जाती हैं। न मन शत्रु है, न शरीर शत्रु है। वे तो यंत्र हैं और सहयोगी हैं। चेतना उनका जैसा उपयोग करना चाहे, कर सकती है। प्रारंभ से ही शत्रुता और संघर्ष की वृत्ति-दमन करती है। और परिणाम स्वरूप सारा जीवन विषाक्त हो जाता है।
मनुष्य का मन स्वभावत: आनंदोमुखी है। इससे कुछ बुरा भी नहीं है। यह तो उसका स्वरूप के प्रति आकर्षण है। यह न हो, तो व्यक्ति कभी आत्मिक जीवन की ओर नहीं जा सकता। यह मन आनंद की खोज संसार में करता है और फिर जब उसे वहां नहीं पाता है, तो भीतर की ओर मुड़ता है।
आनंद केंद्र है-संसार का भी, मोक्ष का भी। उसकी धुरी पर ही सारा लौकिक-पारलौकिक जीवन घूमता है।
इस आनंद की झलक बाहर दिखती है, इससे बाहर दौड़ होती है। ध्यान से इस आनंद का वास्तविक स्रोत दिखने लगता है, इससे दिशा वहां मुड़ जाती है। मन को जबरदस्ती भीतर नहीं मोड़ना है। इस दमन से ही वह शत्रु मालूम होने लगता है। आनंद का नया आयाम खोलना है। इस आयाम के खुलते ही मन अपने आप भीतर जाता पाया जाता है। वह तो आनंदोमुखी है। जहां आनंद है, वहां उसकी सहज गति है।
आनंद जीवन का लक्ष्य है। आनंद-अखंड आनंद, जीवन का उद्देश्य है। संसार में उसकी झलक है- प्रतिफलन है। मोक्ष में उसका मूलस्रोत है। बाहर उसका प्रक्षेप है, भीतर उसका मूल है। परिधि पर छाया है, केंद्र उसके प्राण हैं।
इससे संसार-मोक्ष का विरोधी नहीं है। बाहर-भीतर का शत्रु नहीं है। समस्त सत्ता एक संगीत है। इस सत्य के दर्शन होते ही व्यक्ति बंधन के बाहर हो जाता है।
(सौजन्य से : ओशो इंटरनेशनल फाउंडेशन)

स्व-अज्ञान मूर्च्‍छा है


एक पूर्णिमा की रात्रि मधुशाला से कुछ लोग नदी-तट पर नौका विहार को गये थे। उन्होंने एक नौका को खेया, अर्ध-रात्रि से प्रभात तक वे अथक पतवार चलाते रहे थे। सुबह सूरज निकला, ठंडी हवाएं बहीं तो उनकी मधु-मूर्च्‍छा टूटने लगी। उन्होंने सोचा कि अब वापस लौटना उचित है। यह देखने के लिए कि कहां तक चले आये हैं, वे नौका से तट पर उतरे। पर तट पर उतरते ही उनकी हैरानी की सीमा न रही, क्योंकि उन्होंने पाया कि नौका वहीं खड़ी है, जहां रात्रि उन्होंने उसे पाया था!
रात्रि वे भूल ही गये थे कि पतवार चलाना भर पर्याप्त नहीं है, नौका को तट से खोलना भी पड़ता है।
आज संध्या यह कहानी कही है। एक वृद्ध आये थे। वे कह रहे थे, मैं जीवन भर चलता रहा हूं, लेकिन अब अंत में ऐसा लगता है कि कहीं पहुंचना नहीं हुआ। उनसे ही यह कहानी कहनी पड़ी है। मनुष्य मू‌िर्च्छत है। स्व-अज्ञान उसकी मूच्र्छा है।
इस मूच्र्छा में समस्त कर्म उसका यांत्रिक है। इस विवेक-शून्य स्थिति में वह चलता है, जैसे कोई निद्रा में चलता है, पर कहीं पहुंच नहीं पाता है। नाव की जंजीर जैसे तट से बंधी रह गयी थी, ऐसे ही इस स्थिति में वह भी कहीं बंधा रह जाता है।
इस बंधन को धर्म ने वासना कहा है। वासना से बंधा मनुष्य, आनंद के निकट पहुंचने के भ्रम में बना रहता है। पर उसकी दौड़ एक दिन मृग-मरीचिका सिद्ध होती है। वह कितनी ही पतवार चलाये, उसकी नाव अतृप्ति के तट को छोड़ती ही नहीं है। वह रिक्त और अपूर्ण ही जीवन को खो देता है। वासना स्वरूपत: दुष्पूर है। जीवन चूक जाता है- वह जीवन जिसमें दूसरा किनारा पाया जा सकता था, वह जीवन जिसमें यात्रा पूरी हो सकती थी, व्यर्थ हो जाता है और पाया जाता है कि नाव वहीं की वहीं खड़ी है।
प्रत्येक नाविक जानता है कि नाव को सागर में छोड़ने के पहले तट से खोलना पड़ता है। प्रत्येक मनुष्य को भी जानना चाहिए कि आनंद के, पूर्णता के, प्रकाश के सागर में नाव छोड़ने के पूर्व तट वासना की जंजीरें अलग कर लेनी होती हैं। इसके बाद तो फिर शायद पतवार भी नहीं चलानी पड़ती है! रामकृष्ण ने कहा है, 'तू नाव तो छोड़, पाल तो खोल, प्रभु की हवाएं प्रतिक्षण तुझे ले जाने को उत्सुक हैं।'
(सौजन्य से : ओशो इंटरनेशनल फाउंडेशन)

जहां मृत्यु जीवन है


आकाश आज तारों से नहीं भरा है। काली बदलियां घिरी हैं और रह-रह कर बूंदे पड़ रही हें।
रातरानी के फूल खिल गये हैं और हवाएं सुवासित हो गयी हैं।
मैं हूं ऐसा कि जैसे नहीं ही हूं और न होकर, होना पूर्ण हो गया है। एक जगत है, जहां मृत्यु जीवन है और जहां खो जाना, पा जाना है। एक दिन सोचता था, बूंद को सागर में गिरा देना है। अब पाता हूं कि यह तो सागर ही बूंद में गिर आया है।
मनुष्य का 'होना' ही उसका बंधन है। उसका शून्य होना मुक्ति है। यह 'होना' की गांठ व्यर्थ ही भटकती है। और शून्य होने का भय पूर्ण होने से रोकता है। जब तक 'न-कुछ' होने की तैयारी नहीं है, तब तक मनुष्य 'न-कुछ' ही बना रहता है। मृत्यु में उतरने का जब तक साहस नहीं है, तब तक मृत्यु में ही भटकना होता है। पर जो मृत्यु लेने को तैयार हो जाता है, वह पाता है कि मृत्यु है ही नहीं। और जो मिटने को राजी हो जाता है, वह पाता है कि उसमें कुछ है जो कि मिट ही नहीं सकता है।
ऐसा विरोध का नियम, जीवन का नियम है। इस नियम को जानना योग है। और ठीक से जान लेना उसके बाहर हो जाना है। विरोध के इस नियम का ज्ञात न होना ही भटकाता है। उसके ज्ञात हो जाने से भटकन समाप्त हो जाती है। और वह उपलब्ध होता है, जो कि यात्रा का पड़ाव नहीं, यात्रा का अंत है।
(सौजन्य से : ओशो इंटरनेशनल फाउंडेशन)

स्व में होना ही दुख-निरोध है

रात्रि घनी हो रही है। आकाश में थोड़े से तारे हैं और पश्चिम में खंडित चांद लटका हुआ है। बेला खिली है और उसकी गंध हवा में तैर रही है।
मैं एक महिला को द्वार तक छोड़कर वापस लौटा हूं। में उन्हें जानता नहीं हूं। कोई दुख उनके चित्त को घेरे है। उसकी कालिमा उनके चारों ओर एक मंडल बनकर खड़ी हो गयी है।
यह दुख मंडल उनके आते ही मुझे अनुभव हुआ था। उन्होंने भी, बिना समय खोये, आते ही पूछा था कि 'क्या दुख मिटाया जा सकता है?' मैं उन्हें देखता हूं, वे दुख की प्रतिमा मालूम होती हैं।
और सारे लोग ही धीरे-धीरे ऐसी ही प्रतिमाएं होते जा रहे हें। वे सभी दुख मिटाना चाहते हैं, पर नहीं मिटा पाते हैं, क्योंकि दुख का, उनका निदान सत्य नहीं है।
चेतना की एक स्थिति में दुख होता है। वह उस स्थिति का स्वरूप है। उस स्थिति के भीतर दुख से छुटकारा नहीं है। कारण, वह स्थिति ही दुख है। उसमें एक दुख हटायें, तो दूसरा आ जाता है। यह श्रंखला चलती जाती है। इस दुख से छूटें, उस दुख से छूटें, पर दुख से छूटना नहीं होता है। दुख बना रहता है, केवल निमित्त बदल जाते हैं। दुख से मुक्ति पाने से नहीं, चेतना की स्थिति बदलने से ही दुख निरोध होता है- दुख-मुक्ति होती है।
एक अंधेरी रात गौतम बुद्ध के पास एक युवक पहुंचा था, दुखी, चिंतित, संताप ग्रस्त। उसने जाकर कहा था, 'संसार कैसा दुख है, कैसी पीड़ा है!' गौतम बुद्ध बोले थे,'मैं जहां हूं, वहां आ जाओ, वहां दुख नहीं है, वहां संताप नहीं है।'
एक चेतना है, जहां दुख नहीं है। इस चेतना के लिए ही बुद्ध बोले थे, 'जहां मैं हूं।' मनुष्य की चेतना की दो स्थितियां हैं, अज्ञान की और ज्ञान की, पर-तादात्म्य की और स्व-बोध की। मैं जब तक 'पर' से तादात्म्य कर रहा हूं, तब तक दुख है। यह पर-बंधन ही दुख है। 'पर' से मुक्त होकर 'स्व' को जानना और स्व में होना दुख-निरोध है। मैं अभी 'मैं' नहीं हूं, इसमें दुख है। मैं वस्तुत: जब 'मैं' होता है, तब दुख मिटता है।
(सौजन्य से : ओशो इंटरनेशनल फाउंडेशन)

योग का सार सूत्र

नई सुबह। नया सूरज। नयी धूप। नये फूल। सोकर उठा हूं। सब नया-नया है। जगत में कुछ भी पुराना नहीं है।
कई सौ वर्ष पहले यूनान में हेराक्लतु ने कहा था, 'एक ही नदी में दो बार उतरना असंभव है।'
सब नया है, पर मनुष्य पुराना पड़ जाता है। मनुष्य नये में जीता ही नहीं, इसलिए पुराना पड़ जाता है। मनुष्य जीता है : स्मृति में, अतीत में, मृत में। यह जीना ही है, जीवन नहीं है। यह अर्ध मृत्यु है और इस अर्ध मृत्यु को ही हम जीवन मानकर समाप्त हो जाते हैं। जीवन न अतीत में है, न भविष्य में है। जीवन तो नित्य वर्तमान में है।
वह जीवन योग से मिलता है, क्योंकि योग चिर-नवीन में जगा देता है। योग चिर-वर्तमान में जगा देता है। उसमें जागना है - 'जो है'। 'जो था' वह भी नहीं है। 'जो होगा', वह भी नहीं है और 'जो है', वह प्रकट तब होता है, जब मानव-चित्त स्मृति और कल्पना के भार से मुक्त होता है।
स्मृति मृत का संकलन है, उसमें जीवन को नहीं पाया जा सकता है। और कल्पना भी स्मृति की ही पुत्री है। वह उसकी ही प्रतिध्वनि और प्रक्षेप है। वह सब ज्ञात में भटकना है। उससे जो अज्ञात है, उसके द्वार नहीं खुलते हैं।
ज्ञात को जाने दो, ताकि अज्ञात प्रकट हो सके। मृत को जाने दो, ताकि जीवित प्रकट हो सके। योग का सार सूत्र यही है।
(सौजन्य से : ओशो इंटरनेशनल फाउंडेशन)

पूर्ण होने की इच्छा

एक वर्ष हुआ। बीती बरसात में गुलतेवरी के फूल बोये थे। वर्षा गयी तो साथ ही फूल भी चले गये थे। फिर सूखे पौधों को अलग कर दिया था। इस बार देखता हूं कि वर्षा आयी है, तो गुलतेवरी के अंकुर फिर अपने आप फूट रहे हैं। जगह-जगह भूमि को तोड़कर उन्होंने झंकना शुरू किया है। एक वर्ष तक, विगत वर्ष छूटे बीजों ने प्रतीक्षा कह है और अब उनको पुन: जन्म पाते देखना आनंदपूर्ण है। भूमि के अंधेरे में, सर्दी और गर्मी में वे प्रतीक्षा करते रहे हैं और अब कहीं जाकर उन्हें पुन: प्रकाश पाने का अवसर मिला है। इस उपलब्धि पर उन नवजात पौधों में मंगल-संगीत छाया हुआ है। उसे मैं अनुभव करता हूं।
सदियों पूर्व किसी अमृत कंठ ने गया था, 'तमसो मा ज्योतिर्गमय।' अंधेरे से प्रकाश पाने की आकांक्षा किसे नहीं है! क्या मनुष्य में, क्या प्राणी में, ऐसे बीज नहीं छिपे हैं, जो प्रकाश पाना चाहते हें? क्या वहां जन्मों-जन्मों से अवसर की प्रतीक्षा और प्रार्थना नहीं है?
प्रत्येक के भीतर छिपे हैं, ये बीज और इन बीजों से ही पूर्ण होने की प्यास उठती है। प्रत्येक के भीतर छिपी हैं, ये लपटें और ये लपटें सूरज को पाना चाहती हैं। इन बीजों को पौधों में बदले बिना कोई तृप्ति नहीं होती है। पूर्ण हुए बिना कोई मार्ग नहीं है। पूर्ण होना ही होता है, क्योंकि मूलत: प्रत्येक बीज पूर्ण ही है।
(सौजन्य से : ओशो इंटरनेशनल फाउंडेशन)

मोक्ष

मैं शांति, आनंद और मुक्ति की बातें कर रहा हूं। जीवन की वही केंद्रीय खोज है। वह पूरी न हो, तो जीवन व्यर्थ हो जाता है। कल यह कह रहा था कि एक युवक ने पूछा कि क्या सभी को मोक्ष मिल सकता है? और यदि मिल सकता है, तो फिर मिल क्यों नहीं जाता?
एक कहानी मैंने उससे कही : गौतम बुद्ध के पास एक प्रभात किसी व्यक्ति ने भी यही पूछा था। उन्होंने कहा था कि जाओ और नगर में पूछकर आओ कि जीवन में कौन क्या चाहता है? वह व्यक्ति घर-घर गया और संध्या को थका-मांदा एक फेहरिस्त लेकर लौटा। कोई यश चाहता था, कोई पद चाहता था, कोई धन, वैभव, समृद्धि, पर मुक्ति का आकांक्षी तो कोई भी नहीं था! बुद्ध बोले थे कि अब बोलो, अब पूछो; मोक्ष तो प्रत्येक को मिल सकता है। वह तो है ही, पर तुम एक बार उस ओर देखो भी तो! हम तो उस ओर पीठ किये खड़े हैं।
यही उत्तर मेरा भी है। मोक्ष प्रत्येक को मिल सकता है, जैसे कि प्रत्येक बीज पौधा हो सकता है। वह हमारी संभावना है, पर संभावना को वास्तविकता में बदलना है। इतना मैं जानता हूं कि बीज को वृक्ष बनाने का यह काम कठिन नहीं है। यह बहुत ही सरल है। बीज मिटने को राजी हो जाए, तो अंकुर उसी क्षण आ जाता है। मैं मिटने को राजी हो जाऊं, तो मुक्ति उसी क्षण आ जाती है। 'मैं' बंधन है। वह गया कि मोक्ष है।
'मैं' के साथ मैं संसार में हूं, 'मैं' नहीं कि मैं ही मोक्ष हूं।
(सौजन्य से : ओशो इंटरनेशनल फाउंडेशन)